पंजाब में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ फिर सत्तारूढ़ होगी:शैलजा
Congress will rule Punjab again with absolute majority: Shailja

राजेंद्र कुमार
सिरसा,20 फरवरी। देश व प्रदेश में आने वाला वक्त कांग्रेस का है। पड़ोसी राज्य पंजाब में कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ फिर सत्तारूढ़ होगी। यह बात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने गांव बेगू में रोड शो के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही। गांव में पहुंचने पर कार्यक्रम संयोजक राजकुमार शर्मा, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मोहित शर्मा सहित पार्टी कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने शैलजा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने कुमारी शैलजा के समक्ष गांव की समस्याएं सिलसिलेवार रखी।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा ने मौजूदा शासन पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के राज में हर कोई दु:खी है। इस सरकार ने जन भलाई का कोई काम नहीं किया। विकास और सुशासन के झूठे नारे देकर सिर्फ जनता को गुमराह करने का ही काम किया है। कुमारी शैलजा ने कहा कि पंजाब के लोग कांग्रेस के शासन से खुश है और दोबारा पार्टी को सत्ता सौंपने का मन बना चुके हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि लोग अब भाजपा की कथनी व करनी का भेद अच्छे से जान चुके हैं। इस बार मतदाता किसी भी झांसे अथवा प्रलोभन में आने वाले नहीं। वह यह बात भलीभांति जान व समझ चुके हैं कि कांग्रेस ही वह पार्टी है जो सबका कल्याण कर सकती है।
कुमारी शैलजा ने कहा कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार चरम पर है और सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात करती है। आम आदमी को एक छोटा सा काम करवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के कई कई बार चक्कर काटने पड़ते हैं। भाजपा राज में अफसरशाही बेलगाम हो चली है। कुमारी शैलजा ने कहा कि महंगाई नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। भाजपा सरकार ने देश व प्रदेश की अर्थव्यवस्था का बेड़ा गर्क करके रख दिया है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ बेरोजगारी बढ़ रही है और दूसरी तरफ मंदी के चलते काम धंधे चौपट हो रहे हैं। यह सब भाजपा शासन की जन विरोधी नीतियों के चलते हो रहा है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि जनता पर जबरन कानून थोपे जा रहे हैं। सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर दमनचक्र चलाया जाता है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी, युवा आदि सभी भाजपा शासन से तंग आ चुके हैं और इस जनविरोधी सरकार से छुटकारा पाने को बेताब बैठे हैं। कुमारी शैलजा ने कहा कि इन चुनावों के बाद भाजपा शासन की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी।
इस मौके पर पूर्व सांसद डॉ. सुशील इंदौरा, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, कुलदीप गदराना, लाल बहादुर खोवाल,राज कुमार शर्मा सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।